तो क्या अयोध्या में मंदिर निर्माण, कश्मीर से 370 हटाना, शरणार्थियों को नागरिकता देना, तीन तलाक पर कानून बनाना, युद्ध में फंसे भारतीयों को लाना जैसे कार्य अधर्म वाले हैं? राहुल जी! अधर्म की कोई शक्ति नहीं होती। सनातन में नारी को शक्ति का प्रतीक माना गया है।

17 मार्च को मुंबई में इंडिया एलायंस की रैली में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शक्ति को खत्म करेंगे। राहुल की शक्ति शब्द को पीएम मोदी ने नारी शक्ति से जोड़ दिया। मोदी का कहना है कि विपक्ष के नेता जिस नारी शक्ति को खत्म करने की बात कह रहे हैं, उसकी उपासना कर मैं अपनी शक्ति को और बढ़ाऊंगा। मोदी ने जैसे ही शक्ति शब्द को नारी शक्ति से जोड़ा, वैसे ही राहुल गांधी ने अपना स्पष्टीकरण जारी कर दिया। राहुल ने कहा कि मेरे शक्ति का मतलब अधर्म भ्रष्टाचार और अन्याय की शक्ति को समाप्त करने से था। नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी दोनों ही राजनीतिज्ञ है, लेकिन राहुल गांधी को अपने शब्दों का चयन सोच समझ कर करना चाहिए। राहुल को सनातन धर्म की थोड़ी जानकारी भी होनी चाहिए। सनातन में नारी को ही शक्ति का प्रतीक माना गया है। सनातन में नारी ने दुर्गा का स्वरूप रखकर राक्षसों का नाश किया है। इसलिए हम नारी को अनेक स्वरूपों में देखते हैं। मौजूदा समय में आधी आबादी नारी शक्ति की ही है। राहुल गांधी यदि शक्ति को खत्म करने की बात कहेंगे तो फिर इसे नारी से ही जोड़ा जाएगा। विगत दिनों राहुल गांधी की मौजूदगी में जब लालू प्रसाद यादव ने  नरेंद्र मोदी के परिवार न होने पर कटाक्ष किया तो पूरे देश में हम है मोदी का परिवार अभियान शुरू हो गया। इस अभियान का अभी तक विपक्ष जवाब नहीं दे सका है। राहुल ने शक्ति शब्द पर जो सफाई दी है उससे भी मामला उलझ गया है। सवाल उठता है कि क्या जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना, अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनवाना, तीन तलाक जैसी बुराई से मुस्लिम महिलाओं को निजात दिलवाना, पाकिस्तान से धर्म के आधार पर प्रताड़ित होकर आए हिंदुओं को भारत की नागरिकता देना जैसे काम अधर्म वाले हैं? सब जानते है कि देश को अखंड और मजबूत बनाने में इन सब कार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अयोध्या में राम मंदिर बनने से सभी सनातनियों को गर्व की अनुभूति हुई है। अनुच्छेद 370 के हटने से जम्मू कश्मीर में आतंकवाद समाप्त हुआ है। भारत की नागरिकता मिलने से शरणार्थियों को राहत मिली है। इन सब कार्यों को करवाने में पीएम मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति ही रही है। कोई भी व्यक्ति इन कार्यों की तुलना अधर्म से नहीं कर सकता। जहां तक भारत के विकास का सवाल है तो अब भारत दुनिया में तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनने जा रहा है। भारत की सेना हथियारों की दृष्टि से आत्मनिर्भर हो रही है। चीन हो या पाकिस्तान सभी पड़ोसी देश भारत की सैन्य ताकत से डरने लगे हैं। औद्योगिक विकास के कारण भारत का निर्यात तेजी से बढ़ा है। इतना ही नहीं युद्ध में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकाल कर भारत में अपनी ताकत दिखाई है। यह सही है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता है और उन्हें लोकतंत्र में सरकार और प्रधानमंत्री पर हमला करने का अधिकार है, लेकिन राहुल गांधी को ऐसे तथ्य रखने चाहिए जो मोदी सरकार से बेहतर हो। सिर्फ आलोचना करने और गलत शब्दों का इस्तेमाल करने से कोई हल नहीं निकलेगा। 

S.P.MITTAL BLOGGER (19-03-2024)
Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9929383123To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...