पेपर लीक के मामले में पूर्व सीएम अशोक गहलोत और पूर्व मंत्री डोटासरा जेल जाएंगे-मदन दिलावर। पहले चरण में राजस्थान के जिन 12 संसदीय क्षेत्रों में 19 अप्रैल को मतदान होना है, वहीं 2019 में भाजपा सबसे कम मतों से दौसा में जीती। जबकि सर्वाधिक मतों की जीत जयपुर शहर में दर्ज हुई। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली।

राजस्थान के स्कूली शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा है कि कांग्रेस के पिछले शासन में पेपर लीक की जो घटनाएं हुई, उनमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा जेल जाएंगे। 15 अप्रैल को कोटा के रामगंज मंडी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए दिलावर ने कहा कि ईडी और एसओजी पेपर लीक के मामले में गहनता से जांच कर रही है। उन्हें जो जानकारी मिली है उसके अनुसार अशोक गहलोत और गोविंद सिंह डोटासरा को भी जेल जाना पड़ेगा। दिलावर ने कहा कि रीट का पेपर जयपुर के शिक्षा संकुल से जिस प्रकार लीक हुआ उसकी हकीकत अब सामने आ रही है। राजीव गांधी स्टडी सर्किल से जुड़े पदाधिकारियों ने किस प्रकार नियमों को ताक में रखा। दिलावर ने कहा कि जो अलवर में मेरे पुतले जला रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि अब किसी भी आरोपी को बक्शा नहीं जाएगा। यहां यह उल्लेखनीय है कि रीट परीक्षा के समय डोटासरा ही स्कूली शिक्षा मंत्री थे। पेपर लीक के कारण कांग्रेस के शासन में परीक्षा को रद्द करना पड़ा था। इससे पहले डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने भी कहा कि पेपर लीक के मामले में अभी बड़े लोगों की गिरफ्तारी होनी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कह चुके हैं कि पेपर लीक में किसी को भी नहीं बक्शा जाएगा। मालूम हो कि कांग्रेस के पिछले शासन में 17 परीक्षाओं के प्रश्न पत्र आउट हुए थे। 
दौसा में सबसे कम मतों से जीत:
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में राजस्थान के 12 संसदीय क्षेत्रों में 19 अप्रैल को मतदान होना है। इन सभी संसदीय क्षेत्रों में 17 अप्रैल को सायं पांच बजे चुनाव का शोर थम जाएगा। बाहरी व्यक्तियों को भी 17 अप्रैल को संबंधित संसदीय क्षेत्र छोड़ना पड़ेगा। निर्वाचन विभाग के प्राप्त जानकारी के अनुसार 2019 के चुनाव में प्रदेश के दौसा संसदीय क्षेत्र में भाजपा को सबसे कम मतों से जीत हासिल हुई थी। दौसा में भाजपा प्रत्याशी मात्र 78 हजार 444 मतों से जीते। जबकि जयपुर शहर से भाजपा प्रत्याशी रामचरण बोहरा 4 लाख 30 हजार 315 मतों से जीते। जयपुर के बाद भाजपा प्रत्याशी श्रीगंगानगर से 4 लाख 6 हजार 978 मतों से जीते। जयपुर ग्रामीण से 3 लाख 93 हजार 114, अलवर से 3 लाख 29 हजार 917, भरतपुर से 3 लाख 18 हजार 399, चूरू से 3 लाख 34 हजार 402, झुंझुनूं से 3 लाख 2 हजार 547, बीकानेर से 2 लाख 64 हजार 157, सीकर से 2 लाख 97 हजार 156, नागौर से 1 लाख 81 हजार 260 तथा करौली धौलपुर से 96 हजार 313 मतों से भाजपा ने जीत दर्ज की थी। 2019 में इन सभी 12 संसदीय क्षेत्रों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। 

S.P.MITTAL BLOGGER (16-04-2024)
Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9929383123To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...