चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र केकड़ी की सावर पंचायत समिति में तो प्रधान पद के लिए कांग्रेस का नामांकन भी नहीं हो सकेगा। प्रधान पद एससी महिला वर्ग के लिए आरक्षित , लेकिन इस वार्ड में कांग्रेस के पास कोई सदस्य नहीं। जबकि रघु शर्मा ने इस वर्ग की पांच महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था। केकड़ी के जिला परिषद के 6 वार्डों में से रघु शर्मा को 5 वार्डों में हार का सामना करना पड़ा। भाजपा पर निर्वाचित सदस्यों को बंधक बनाने का आरोप।

राजस्थान के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा को अपने निर्वाचन क्षेत्र केकड़ी (अजमेर) में पंचायतीराज के चुनाव में बुरी हार का सामना करना पड़ा है। हालत इतनी खराब है कि अब केकड़ी की सावर पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए कांग्रेस के पास उम्मीदवार ही नहीं है। ऐसे में भाजपा की उम्मीदवार निर्विरोध चुन ली जाएगी। सावर पंचायत समिति के प्रधान का पद एससी वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। लेकिन इस वर्ग में कांग्रेस की एक भी उम्मीदवार पंचायत समिति के सदस्य का चुनाव नहीं जीत सकी है। पंचायत समिति में कुल 15 वार्ड हैं और तीन वार्ड एसससी महिला के लिए आरक्षित है। लेकिन रघु शर्मा ने 3 के बजाए 5 वार्डों में एससी वर्ग की महिलाओं को कांग्रेस का उम्मीदवार बनवाया, लेकिन इसके बाद भी रघु शर्मा एक वार्ड में भी जीत दर्ज नहीं करवा सके। हालांकि 15 निर्वाचित सदस्यों में से कांग्रेस के सात सदस्य हैं, लेकिन इनमें एससी महिला वर्ग से एक भी नहीं है। यही वजह है कि अब भाजपा की उम्मीदवार निर्विरोध प्रधान बन जाएगी। भाजपा के पास 8 सदस्य हैं। सावर की निर्वाचन अधिकारी अनुपमा टेलर ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्धारित नियमों के अनुरूप ही नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। प्रधान का पद जिस वर्ग के लिए आरक्षित हैं उसी वर्ग का सदस्य ही चुनाव लड़ सकता है। सावर पंचायत समिति में भाजपा के चुनाव प्रभारी योगेश सोनी ने दावा किया है कि भाजपा के सभी 8 सदस्य एकजुट हैं और भाजपा की उम्मीदवार ही प्रधान बनेगी। यह भाजपा के कार्यकर्ताओं की जीत है। यहां यह उल्लेखनीय है कि केकड़ी की तीन पंचायत समितियों में से कांग्रेस को सिर्फ एक में बढ़त मिली है। सावर के साथ साथ केकड़ी पंचायत समिति में भी भाजपा को बहुमत मिला है। केकड़ी में 15 में से 8 वार्डों में भाजपा जीती है। भाजपा ने इस पंचायत समिति का संयोजक वरिष्ठ नेता राजेन्द्र विनायका को बनाया है। विनायका ही गत विधानसभा का चुनाव रघु शर्मा के सामने लड़ा था। तब भले ही विनायका की हार हुई हो, लेकिन विनायका ने पंचायतीराज चुनाव में हिसाब बराबर कर लिया है। केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में जिला परिषद के 6 वार्ड आते हैं। रघु शर्मा को पांच वार्डों में हार का सामना करना पड़ा है। वार्ड संख्या 16 से मीरा कंवर, 17 से हंगामीलाल चौधरी, 18 से खुशीराम वैष्णव, 20 से सीताराम तथा वार्ड संख्या 21 से इंन्द्रा देवी भाजपा उम्मीवार के तौर पर जीती हैं। जबकि सिर्फ वार्ड 19 में कांग्रेस के रोहित कुमार जीते हैं। विनायका ने कहा कि रघु शर्मा की यह स्थिति मात्र दो वर्ष में हुई है। रघु शर्मा की नकारात्मक कार्यशैली को लेकर केकड़ी के मतदाताओं में भारी नाराजगी है। विकास कार्यों के नाम पर केकड़ी के लोगों को बेवकूफ़ बनाया जा रहा है। केकड़ी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अनिल मित्तल ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में विकास कार्यों की जो योजनाएं बनाई गई थी, उन सभी को रोक दिया गया है। चिकित्सा मंत्री का निर्वाचन क्षेत्र होने के बाद भी कोरोना काल में केकड़ी के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा पर बंधक बनाने का आरोप:
चूंकि कांग्रेस के पास प्रधान पद का वैधानिक उम्मीदवार नहीं है, इसलिए अब भाजपा पर निर्वाचित सदस्यों को बंधक बनाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि भाजपा ने अपने निर्वाचित 8 सदस्यों को ही सुरक्षित स्थान पर रखा है। लेकिन अब कांग्रेस ने भाजपा के 2 सदस्यों के समक्ष प्रधान पद का प्रस्ताव रख दिया है। ऐसे में भाजपा के सदस्यों में भगदड़ मच सकती है। हो सकता है कि इस मामले में पुलिस का भी दखल हो। 
S.P.MITTAL BLOGGER (09-12-2020)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9509707595
To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...